Uttarakhand Government Advertisement

उत्तराखंड में धरातल पर उतरे ₹1.01 लाख करोड़ के निवेश, उद्योग सचिव ने सोशल मीडिया दावों को खारिज किया

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

देहरादून, 19 अक्टूबर: उत्तराखंड में निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतर रहे हैं। उद्योग सचिव और मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडेय ने रविवार को देहरादून में बताया कि राज्य में अब तक ₹1.01 लाख करोड़ से अधिक के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है। उन्होंने दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर सोशल मीडिया में उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा कि बिना पूरे तथ्यों की जांच के निवेश को लेकर भ्रामक धारणा बनाना अनुचित है।

पांडेय ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में लगभग ₹3.56 लाख करोड़ के समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे। इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए समय-समय पर ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किए गए हैं। सभी निवेश संबंधी आंकड़े सार्वजनिक हैं और हर परियोजना का विवरण उद्योग विभाग, UK SPICE और सिंगल विंडो सिस्टम के पोर्टलों पर पारदर्शी रूप से उपलब्ध है।

निवेशकों की सहायता के लिए सरकार ने निवेश मित्रों की व्यवस्था की है, जो निवेशकों से नियमित संपर्क बनाए रखते हैं और सरकारी प्रक्रियाओं से जुड़ी दिक्कतों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पांडेय ने बताया कि करीब ₹24,000 करोड़ के निवेश की अगली खेप की तैयारियां चल रही हैं और चौथा ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह जल्द आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का लगभग 70 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है, इसलिए बड़े उद्योगों की संभावना मुख्यतः देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के कुछ हिस्सों में केंद्रित है।

स्रोत: IANS (ianslive.in)