देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम की मार देखने को मिल रही है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक यात्री के खाई में गिरने की खबर है, जबकि नैनीताल और बागेश्वर जिलों में जगह-जगह लैंडस्लाइड (भूस्खलन) से रास्ते बाधित हुए हैं। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।
पिथौरागढ़ में कार पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल बचे लोग
राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर और मूसलाधार बारिश का सिलसिला बना हुआ है। देहरादून में दोपहर बाद तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। पिथौरागढ़ में पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि वाहन में सवार लोग बाल-बाल बच गए। इसके अलावा अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश का दौर जारी है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा करें और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें। आपदा प्रबंधन और राहत टीमें अलर्ट मोड पर हैं।