uttarakhand news0देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को देहरादून के परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। समारोह का भव्य शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
बलिदानियों के परिजनों को सम्मान और अनुदान
मुख्यमंत्री ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और वहां लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है।
राज्य सरकार ने सैन्य परिवारों के कल्याण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की अनुदान राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दी है। इसके अलावा, बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में लेने तथा पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट देने का भी प्रावधान किया गया है।
मेधावी छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण व खेल महाविद्यालय
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि कक्षा 11वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए इंटरनेट के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके प्रथम चरण के लिए 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही, राज्य में 23 नई खेल अकादमियां और एक महिला खेल महाविद्यालय व विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है।
इस दौरान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 14 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ और 13 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री की 7 प्रमुख घोषणाएं:
- चमोली, पौड़ी एवं अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक परिसरों की स्थापना।
- प्रदेश के प्रथम ‘युवा आयोग’ का गठन।
- सीमावर्ती गांवों के युवाओं और पूर्व सैनिकों को स्वरोजगार के लिए विशेष आर्थिक सहायता।
- भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार देना।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करना।
- 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना की शुरुआत।
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय प्रबंध संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण तथा उद्यम के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत का सरकारी अनुदान।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट व नरेश बंसल, राज्य मंत्रिमंडल सदस्य डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।