मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : रोडवेज बस से टकराई नेपाली तीर्थयात्रियों की बस, 35 घायल; 10 गंभीर

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद: मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर मंगलवार रात हरिद्वार से लौट रहे नेपाली तीर्थयात्रियों की एक निजी बस आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। इस भीषण हादसे में 35 से अधिक तीर्थयात्री घायल हो गए, जिनमें बस चालक समेत 10 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया है।

सड़क किनारे कोठरी में जा घुसी बस यह दर्दनाक हादसा कांठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी गांव के अड्डे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, नेपाल के तीर्थयात्रियों से भरी निजी बस हरिद्वार से दर्शन कर लौट रही थी। इसी दौरान आगे चल रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीर्थयात्रियों की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक कोठरी में जा घुसी। हादसे में दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

चीख-पुकार सुनकर दौड़ी पुलिस, 10 जिला अस्पताल रेफर हादसे के बाद यात्रियों में हाहाकार मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सभी घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) कांठ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक समेत 10 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

19 अगस्त को नेपाल से निकली थी बस, अब अयोध्या जाने की थी योजना घायल तीर्थयात्रियों ने बताया कि बस में करीब 60 लोग सवार थे, जो सभी उत्तर प्रदेश के सोनौली बॉर्डर से सटे नेपाल के नवलपरासी (नवलपरासी) और रूपन्देही जिलों के निवासी हैं। यह जत्था 19 अगस्त को नेपाल से बस द्वारा तीर्थयात्रा के लिए निकला था।

यात्रियों के मुताबिक, वे वैष्णो देवी और महाकालेश्वर समेत देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए हरिद्वार पहुंचे थे। हरिद्वार से लौटकर अब उन्हें अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाना था। अयोध्या में दर्शन के बाद उनकी योजना 3 सितंबर को वापस नेपाल पहुंचने की थी, लेकिन बीच रास्ते में ही यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचना देने की व्यवस्था की जा रही है।