मुरादाबाद: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के भाई का आरोप है कि वह अपने साथ घर में रखे 7 लाख रुपये नकद भी ले गई है। पुलिस ने भाई की तहरीर पर मोहल्ले के ही एक युवक और उसके परिवार के 6 अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के भाई ने बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे उसकी बहन घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला युवक इकराम अपने परिवार के छह अन्य सदस्यों के साथ उनके घर पहुंचा और उसकी बहन को अपने साथ ले गया। जाते समय किशोरी घर में रखी 7 लाख रुपये की भारी नगदी भी अपने साथ ले गई।
परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। इस मामले में एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि भाई की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता किशोरी की जल्द बरामदगी के लिए तलाश की जा रही है।