बहन की शादी से एक दिन पहले घर में पसरा मातम, करंट लगने से किशोर की मौत

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अगवानपुर में मंगलवार देर शाम एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां बहन की शादी की खुशियों के बीच करंट लगने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक अरशल अगवानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष गुलरेज खान का भतीजा था। हादसे के बाद शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई और खुशियां मातम में बदल गईं।

मेहमानों के लिए पंखा घुमाते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, अगवानपुर निवासी वसीम (नगर पंचायत अध्यक्ष गुलरेज खान के चचेरे भाई) पेशे से ठेकेदार हैं। बुधवार को उनकी बड़ी बेटी निशा की बारात बरेली के हाफिज गंज से आनी थी। घर में मंगलवार से ही शादी की रस्में चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था।

मेहमानों को गर्मी से बचाने के लिए टेंट हाउस से कई बिजली के पंखे मंगाकर घर और आंगन में लगाए गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे 15 वर्षीय अरशल मेहमानों की तरफ हवा करने के लिए एक पंखे को घुमा रहा था। इसी दौरान वह पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित करंट लगने से अचेत हुए अरशल को परिजन आनन-फानन में कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर दौड़े। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डोली उठने से पहले उठा जनाजा मृतक के परिवार में मां नजमा, बहन निशा और तीन भाई सुहैब, रजा और हस्सान हैं। जिस घर से बुधवार को बेटी की डोली उठनी थी, वहां से एक दिन पहले जवान बेटे की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।