मुरादाबाद: मझोला थाना क्षेत्र के सूर्यनगर में एक 45 वर्षीय पॉलिश कारीगर की ईंट-पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह शराब के ठेके के पास उसका लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई है, जिसमें तीन युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रातभर घर नहीं लौटा, सुबह ठेके के पास मिला शव मृतक की पहचान लाइनपार के सूर्यनगर निवासी सुरेश सैनी (45) पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। वह लाकड़ी फाजलपुर स्थित एक फैक्ट्री में पॉलिश का काम करते थे। मृतक के परिवार में पत्नी शीला देवी, दो बेटियां (महक और संगीता) व बेटा सुशांत हैं। परिजनों के अनुसार, सुरेश को शराब पीने की लत थी। मंगलवार सुबह वह सब्जी लेकर घर आए और करीब 10:30 बजे दोबारा निकल गए। शाम तक जब वह नहीं लौटे, तो परिजनों ने उन्हें ठेके के पास शराब पीते देखा। परिजनों ने घर चलने को कहा, लेकिन उन्होंने बाद में आने की बात कही। रात में घर न पहुंचने पर परिजनों ने सोचा कि वह खेतों पर बने मकान में सो गए होंगे। बुधवार सुबह जब परिजन तलाशते हुए निकले, तो ठेके के पास उनका रक्तरंजित शव पड़ा मिला।
सीसीटीवी में कैद हुए हत्यारे, ईंट-पत्थरों से किया वार शव मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से पास की एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन युवक सुरेश के साथ ईंट-पत्थरों से बुरी तरह मारपीट करते और वारदात के बाद वहां से जाते हुए दिखाई दिए। मृतक की पत्नी शीला देवी ने फुटेज देखकर तीनों हमलावरों की पहचान अभय, तुषार और विवेक शर्मा के रूप में की है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों (अभय, तुषार और विवेक शर्मा) के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।