सेल्फी का शौक पड़ा भारी: गागन नदी में डूबे युवक का शव 22 घंटे बाद बरामद

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

छजलैट: मल्हपुर खैईया गांव में शुक्रवार शाम रपटा पुल पर सेल्फी लेते समय गागन नदी में डूबे युवक का शव 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा युवक जानकारी के अनुसार, बलदेवपुरी निवासी जुगनेश शुक्रवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ छजलैट के मल्हपुर खैईया गांव स्थित गागन नदी के रपटा पुल पर गया था। किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी लेने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में गिरकर डूब गया।

घटनास्थल से 50 मीटर दूर मिला शव हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। शुक्रवार रात तक काफी प्रयास के बावजूद जुगनेश का कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद घटनास्थल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।