moradabad news-जिला कचहरी परिसर में सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला चकबंदी अधिकारी (DDC) कार्यालय में तैनात पेशकार सुभाष को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने टीम के साथ धक्कामुक्की कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे कचहरी परिसर से ही दोबारा धर दबोचा।
काम कराने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर ओमवीर सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की थी कि एक प्रकरण में काम कराने के एवज में जिला चकबंदी अधिकारी के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम के 50 हजार रुपये पेशकार सुभाष को थमाए, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे उसकी सीट पर ही पकड़ लिया।
धक्कामुक्की कर भागने का प्रयास प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े जाने पर आरोपी पेशकार ने खुद को छुड़ाने के लिए टीम के सदस्यों से धक्कामुक्की की और वहां से भाग निकला। हालांकि, एंटी करप्शन टीम ने फुर्ती दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे कचहरी परिसर के भीतर से ही दोबारा हिरासत में ले लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से DDC कार्यालय में वादकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी पेशकार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि 50 हजार रुपये की यह रिश्वत किस विशेष काम के लिए ली जा रही थी और इसमें DDC या किसी अन्य अधिकारी-कर्मचारी की भी कोई भूमिका है या नहीं। इस कार्रवाई के बाद से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है।