UP News-रामपुर (उत्तर प्रदेश): यूपी के रामपुर जिले से एक बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां रात के अंधेरे में छिपकर अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा एक युवक सुबह दूल्हा बनकर अपने घर लौटा। परिजनों ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद 6 घंटे चली पंचायत में दोनों का निकाह कराने का फैसला लिया गया।
रात में रंगेहाथ पकड़े गए प्रेमी-प्रेमिका जानकारी के अनुसार, मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र का है। शाहाबाद क्षेत्र का रहने वाला एक युवक शुक्रवार की आधी रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया था। इसी बीच प्रेमिका के परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दोनों को कमरे में रंगेहाथ पकड़ लिया। आपत्तिजनक स्थिति में दोनों को देखकर परिजन भड़क गए और उन्होंने प्रेमी युगल को कमरे में ही बंद कर दिया। रात में हुए इस हंगामे को सुनकर आसपास के लोग भी वहां जुट गए।
6 घंटे चली पंचायत, थाने के बजाय निकाह पर बनी सहमति युवती के परिजनों ने तुरंत युवक के घरवालों को इसकी सूचना दी। शनिवार तड़के युवक के परिजन और रिश्तेदार गांव पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठाई गई। करीब छह घंटे तक चली पंचायत और लंबी बातचीत के बाद फैसला लिया गया कि मामले को पुलिस या थाने ले जाने के बजाय दोनों का निकाह करा दिया जाए। इस फैसले पर युवक और युवती, दोनों के परिवार राजी हो गए।
मैरिज हॉल में बुलाया गया काजी, सुबह हुई विदाई दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद तुरंत काजी को बुलाया गया। प्रेमी युगल को पास के ही एक मैरिज हॉल में ले जाया गया, जहां उनका निकाह पढ़वाया गया। रात में जिस युवक को प्रेमिका के साथ पकड़ा गया था, वह शनिवार सुबह दूल्हा बनकर अपनी पत्नी को विदा कराकर शाहाबाद स्थित अपने घर लौट गया। इलाके में इस चट मंगनी और पट ब्याह की खूब चर्चा हो रही है।