अमरोहा : आयुक्त मुरादाबाद मंडल मुरादाबाद श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की उपस्थिति में तहसील धनौरा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता को संतुष्टि भी मिलनी चाहिए। आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से अवश्य बात की जाए और आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर उसकी समस्या सुनते हुए उचित समाधान किया जाए। निस्तारण की जियो-टैग फोटो भी अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। सभी विभागाध्यक्षों को पोर्टल पर शिकायत निस्तारण अपलोड करते समय स्वयं मॉनिटरिंग करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि शिकायत की पुनरावृत्ति न हो।
ग्राम चकनवाला में खतौनी में अंश निर्धारण न होने की शिकायत पर मंडलायुक्त ने क्षेत्रीय लेखपाल विक्की वर्मा को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए तथा अंश निर्धारण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में अंश निर्धारण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायत के निस्तारण की आख्या तथ्यों के अनुरूप एवं सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में किसी भी प्रकार की गलत आख्या अथवा गलत तथ्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर से संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की निरंतर समीक्षा की जा रही है। मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा भी इन शिकायतों की समीक्षा की जाती है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों का पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 60, पुलिस विभाग की 47, विकास विभाग की 10, नगर पालिका की 10 एवं अन्य विभाग की 10 सहित कुल 137 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। भूमि संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
मंडलायुक्त ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल, तहसील दिवस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश भदौरिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती गरिमा सिंह, उपजिलाधिकारी श्री शैलेश कुमार दुबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीमती अंजलि कटारिया सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।