नैनीताल : माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव में पहुंचे CM पुष्कर सिंह धामी

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में आयोजित ऐतिहासिक एवं पारंपरिक माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने माँ नंदा-सुनंदा के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में शामिल महिलाओं, वरिष्ठजनों और युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नंदा देवी महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, अटूट आस्था और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।

‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और केदारनाथ-बदरीनाथ के पुनर्निर्माण की तर्ज पर उत्तराखंड सरकार भी “विकास भी और विरासत भी” के विजन के साथ काम कर रही है। केदारखंड की तरह कुमाऊं में ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के जरिए पौराणिक मंदिरों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके तहत माँ नैना देवी मंदिर, कैंची धाम और मुक्तेश्वर सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों को विकसित कर धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार दी जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।

सख्त भू-कानून और लव-लैंड जिहाद पर कड़ा प्रहार

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विकास के साथ-साथ देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप की रक्षा करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में भू-कानून को कड़ा करते हुए 2025 के संशोधन के जरिए 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा, राज्य में ‘लैंड जिहाद’ और ‘लव जिहाद’ जैसी असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सरकार पूरी सख्ती से निपटना जारी रखेगी।

महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी रोजगार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण और स्थानीय उत्पादों के विपणन के लिए विशेष बाजार केंद्र मुहैया कराए जा रहे हैं। वहीं, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए कड़े नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने माँ नंदा-सुनंदा की विधि-विधान से महाआरती की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।