बलरामपुर: जिले के एक निजी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। परिजनों और स्कूल प्रबंधन ने स्कूल के बाहर से गुजर रहे गणेश विसर्जन जुलूस के ‘तेज डीजे’ की आवाज को इस घटना का जिम्मेदार ठहराया है। घटना से जुड़ा 3 मिनट 2 सेकंड का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।
क्लासरूम में बिगड़ी तबीयत जानकारी के मुताबिक, सोनू तिवारी (जीतू) की बेटी डिवाइन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूल की पहली मंजिल पर स्थित अपनी क्लास में पढ़ रही थी। परिजनों का दावा है कि तेज आवाज के कारण बच्ची को तीन बार अटैक आया। तीसरे अटैक के बाद उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
CCTV फुटेज में दिखी हलचल सामने आए 3 मिनट 2 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में बच्चे क्लासरूम में बैठे नजर आ रहे हैं। इसी दौरान बाहर से डीजे की बहुत तेज आवाज सुनाई देती है, जिसे सुनकर बच्चे बाहर झांकने का प्रयास करते हैं। इसके तुरंत बाद कक्षा में अचानक हलचल मच जाती है। परिजनों का कहना है कि इसी दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ी थी।
स्कूल प्रबंधन का बयान डिवाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने इस घटना को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उनका भी यही कहना है कि विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बेहद तेज ध्वनि में बजाया जा रहा था, जिसके दौरान यह हादसा हुआ।
आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार भले ही सीसीटीवी फुटेज में घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है और परिजनों ने डीजे को मौत की वजह बताया है, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर बच्ची की मौत का स्पष्ट चिकित्सकीय कारण सामने नहीं आया है। डीजे की तेज आवाज और मौत के बीच सीधे संबंध की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट और विभागीय जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।