अमरोहा। डिडौली कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 वर्षीय एक शादीशुदा युवक ने अपनी ही 19 वर्षीय सगी भांजी से मंदिर में शादी रचा ली। खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव-गांव में इसी की चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक युवक की शादी करीब सात साल पहले हो चुकी है। वह युवती की मां का सगा छोटा भाई यानी उसका मामा है। ग्रामीणों का कहना है कि मामा और भांजी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि युवती अपने मामा के साथ रहने की जिद पर अड़ गई थी, जिसके बाद दोनों मंदिर जाकर शादी के बंधन में बंध गए।
मामा-भांजी के इस रिश्ते की खबर जब गांव वालों को मिली तो हर कोई दंग रह गया। देखते ही देखते यह चर्चा आसपास के गांवों तक फैल गई। युवक के पहले से शादीशुदा होने की वजह से मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
इस पर सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
(रिपोर्ट: मयंक त्रिगुण, मुरादाबाद)