देहरादून के सचिवालय मीडिया सेंटर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार इस सूची में कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल हैं।
सूची के अनुसार राज्य में 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष, 34 लाख 21 हजार 36 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान 1 लाख 29 हजार 872 नए वोटरों के नाम जोड़े गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में नाम हटाए भी गए हैं।
हटाए गए नामों का गणित देखें तो 1 लाख 4 हजार 708 नाम सीधे हटे हैं, जबकि 8 लाख 26 हजार 977 वोटरों के नाम फार्म वापस न देने और मौके पर न मिलने के कारण हटाए गए हैं। कुल मिलाकर 9 लाख 31 हजार 685 नाम सूची से बाहर हुए हैं। एसआइआर से पहले राज्य में 79 लाख 60 हजार 762 वोटर थे।
डॉ पुरुषोत्तम ने बताया कि एसआइआर की शुरुआत 8 जून को हुई थी और अंतिम सूची में नाम दर्ज होने से वंचित रह गए पात्र मतदाताओं को अब भी मौका मिलेगा। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। बीएलओ प्री-एसआइआर सूची का वर्तमान सूची से मिलान कर बूथवार छूटे हुए मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे, ताकि कोई पात्र मतदाता वंचित न रहे।

