मथुरा: एक तरफ जहां करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखकर चांद का दीदार कर रही थीं, वहीं मथुरा में एक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया। यहां एक विवाहिता करवा चौथ की रात अपने प्रेमी से मिलने पहुंच गई, लेकिन पति ने पीछा कर दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई।
क्या है पूरा मामला?
घटना मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के वसंत विहार कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे एक विवाहिता अपने प्रेमी से मिलने के लिए वसंत विहार पहुंची थी। इसकी भनक पति को लग गई और वह भी वहां पहुंच गया। पति ने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया, जिसके बाद वहां तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
देवरानी-जेठानी में हुई जमकर मारपीट
पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते पारिवारिक संग्राम में बदल गया। परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। इसी बीच किसी बात को लेकर देवरानी और जेठानी के बीच तीखी बहस हो गई और दोनों के बीच सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रेमी हुआ फरार, थाने पहुंचा मामला
सड़क पर हो रहे इस भारी हंगामे और मारपीट के बीच मौका पाकर विवाहिता का प्रेमी वहां से खिसक लिया। इसके बाद पति-पत्नी का यह विवाद हाईवे थाने तक पहुंच गया।
तलाक का मुकदमा है विचाराधीन
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही अनबन चल रही है और दोनों का तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस घटना के संबंध में हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

