Uttarakhand Government Advertisement

प्यार में आहत होकर 65 हजार वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

​असमोली:(जलालुद्दीन संवाददाता) शुक्रवार को असमोली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेम प्रसंग (Love Affair) से आहत होकर एक युवक जान देने की नीयत से 65 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, जिसे देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।

​प्रेम प्रसंग में उठाया आत्मघाती कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, असमोली निवासी सुरेश के बेटे विशाल का गांव में ही किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मामले में किसी बात से नाराज और आहत होकर विशाल शुक्रवार को बिजली घर के पास स्थित हाईटेंशन लाइन के पोल (टावर) पर जा चढ़ा। जब ग्रामीणों ने युवक को इतने ऊंचे टावर पर फांसी का फंदा बनाते देखा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई।

​ग्रामीणों ने कटवाई बिजली, पुलिस ने किया रेस्क्यू

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोगों ने बिना समय गंवाए तुरंत बिजली घर में फोन किया और लाइन की सप्लाई कटवा दी। घटना की सूचना मिलते ही मनोटा पुलिस चौकी इंचार्ज अरशद हुसैन अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंच गए। टावर के नीचे भारी भीड़ जमा थी और युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई थी।

​पुलिस ने बेहद सूझबूझ का परिचय देते हुए बिजली विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद विशाल को टावर से सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान असमोली थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित किया।

​गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आनन-फानन में असमोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने विशाल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।