Delhi : Monsoon Update: दिल्ली-NCR में मानसून ने दस्तक दे दी है। आज रविवार सुबह दिल्ली और इससे सटे नोएडा में आंधी तूफान आया। 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
दिल्ली के कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हुई। कहीं हल्के बादल बरसे तो कहीं मूसलाधार बारिश होने से मौसम में ठंडक आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में लोगों को घर के अंदर रहने और जब तक आवश्यक न हो यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले 4 दिन मौसम खराब रहने का अलर्ट दिया है। ठंडी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम बदलने से ऐसे रहे हालात
बता दें कि दिल्ली-NCR में आज अचानक मौसम बदलने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं थोड़ी परेशानी भी हुई। क्योंकि तूफानी हवाएं चलने से कई पेड़ जड़ों से उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवाजाही बाधित हुई।
मूसलाधार बारिश होने से दिल्ली के कई निचले इलाकों में जलभराव देखने को मिला, जिस वजह से ट्रैफिक जाम भी लगा। सफदरजंग में 33.5 मिलीमीटर, लोधी रोड पर 32 मिलीमीटर और पूसा में 27.5 मिलीमीटर बारिश हुई। सफदरजंग में 104 किलोमीटर, पालम में 56 किलोमीटर, प्रगति मैदान में 67 किलोमीटर और इग्नू में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

