इको-टूरिज्म का नया केंद्र बनेगा टिहरी; ₹1294 करोड़ के मास्टर प्लान से बदलेंगे डोबरा-चांटी और नई टिहरी के दिन

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

टिहरी गढ़वाल/देहरादून: उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार टिहरी झील (Tehri Lake) और उसके आस-पास के क्षेत्रों का बड़े पैमाने पर कायाकल्प करने जा रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने टिहरी गढ़वाल जनपद के क्षेत्रांतर्गत निर्माणाधीन पर्यटन रोड और इको पार्क (Eco Park) निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

टूरिज्म रोड और इको पार्क का लिया जायजा अपने दौरे के दौरान मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने टिहरी झील के समीप कोटी-जाख-डोबरा पुल तक बनाई जा रही नई टूरिज्म रोड की प्रगति का गहराई से अवलोकन किया। इसके साथ ही, उन्होंने डोबरा पुल क्षेत्र में पर्यटन विभाग (Tourism Department) द्वारा संचालित और विकसित किए जा रहे शानदार इको पार्क के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता (Quality) से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।

₹1,294 करोड़ से बदलेगी टिहरी की तस्वीर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य सचिव को टिहरी झील क्षेत्र के समग्र विकास का खाका पेश किया। अधिकारियों ने बताया कि टिहरी झील और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सतत (Sustainable), समावेशी (Inclusive) और जलवायु-अनुकूल (Climate-Resilient) पर्यटन विकास के लिए लगभग ₹1,294 करोड़ की एक विशाल परियोजना प्रस्तावित की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से न केवल क्षेत्र में विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं विकसित होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे।

इन 6 क्लस्टरों में बांटा गया है विकास कार्य प्रस्तावित मास्टर प्लान के अनुसार, टिहरी झील के विस्तृत क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से 6 प्रमुख क्लस्टरों (Clusters) में विभाजित कर विकसित किया जाएगा। अधिकारियों ने मुख्य सचिव को इन छह क्लस्टरों के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं:

  1. डोबरा चांटी क्लस्टर
  2. तिवाड़ गांव क्लस्टर
  3. कोटि कॉलोनी क्लस्टर
  4. नई टिहरी क्लस्टर
  5. मदन नेगी क्लस्टर
  6. लेक (Lake) क्लस्टर

इस महात्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद टिहरी झील क्षेत्र एडवेंचर टूरिज्म, वाटर स्पोर्ट्स और नेचर टूरिज्म के मामले में देश-दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद बन जाएगा।