Uttarakhand Government Advertisement

Moradabad-news-UP पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे मामा-भांजी की हादसे में मौत

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ

Moradabad-news-मुरादाबाद। भगतपुर क्षेत्र के कांकरखेडा मोड़ पर बजरफुट उतारकर लौट रहे डंपर ने बाइक सवार मामा-भांजी को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में राम सिंह और भांजी नैना की मौके पर ही मौत हो गई।

राम सिंह भांजी नैना को रामपुर से उप्र पुलिस भर्ती की परीक्षा दिलाकर वापस घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक डंपर को लेकर भाग गया। डंपर लेकर भाग रहे चालक का ग्रामीणों ने बाइकों से पीछा किया, लेकिन वह हत्थे नहीं लगा। घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर मृतक राम सिंह का गांव था।

डिलारी क्षेत्र के गांव नारायणपुर निवासी ज्ञानकी प्रसाद की बेटी नैना ने उप्र में पुलिस आरक्षी पद के लिए आवेदन किया था। नैना की सोमवार को पहली पाली में रामपुर के राजकीय मुर्तजा इंटर कालेज में परीक्षा थी। पिता ने रविवार को बेटी को उसके मामा राम सिंह के घर भेज दिया जिससे वह उनके साथ आसानी से परीक्षा केंद्र पहुंच सकेगी।

सोमवार सुबह राम सिंह भांजी को बाइक से लेकर रामपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2.30 बजे जैसे ही वह दलपतपुर-काशीपुर मार्ग से लिंक मार्ग कांकरखेडा मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दूर जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के खेतों पर मौजूद किसानों ने यह देख शोर मचा दिया। ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े। उधर, चालक ने डंपर दौड़ा दिया। जब तक लोग पहुंचते तब तक चालक डंपर को लेकर भाग गया।

इसके बाद कई ग्रामीण अलग-अलग बाइकों से डंपर की तलाश में निकले, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहां पर लगे सीसीटीवी की फुटेज की मदद से पुलिस डंपर चालक की तलाश में लगी है।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज की मदद से डंपर चालक की तलाश में लगी है।