अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हेल्थ कैंप का आयोजन, आयुर्वेद और योग से स्वस्थ जीवन का संदेश

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद कांठ रोड स्थित गोरग्रेजीयस सोसायटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें आयुर्वेद, योग और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। यह कैंप वैदिक मंत्रा वेलनेस हब, चौकोरी उत्तराखंड और श्री माधव क्लिनिक, मुरादाबाद के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।


कैंप में आयुर्वेदाचार्य संगीता नेगी द्वारा विशेष योग सत्र कराया गया, जिसमें योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के तरीके बताए गए। वहीं, डॉ. पुनीत शर्मा ने मरीजों को आयुर्वेदिक परामर्श दिया। शिविर में तीव्र और पुरानी बीमारियों के लिए आयुर्वेदिक सलाह, क्षारसूत्र उपचार, पाचन एवं जीवनशैली संबंधी रोगों का प्रबंधन तथा इम्यूनिटी बूस्टिंग और प्रिवेंटिव केयर जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।


आयोजकों ने बताया कि आयुर्वेद प्राकृतिक और सुरक्षित उपचार पद्धति है, जो रोगों के मूल कारण को दूर करने में सहायक होती है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी सलाह प्राप्त की। यह आयोजन समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।