मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
मुरादाबाद में बारिश के बीच खेत में काम कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई के दौरान अचानक हुई तेज गर्जना के बीच बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां झुलसकर घायल हो गईं। हादसे के बाद गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना मझोला थाना क्षेत्र के गांगन वाली मैनाठेर गांव की है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे गौशाला के पास खेत में धान की रोपाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके, तभी हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गांगन वाली मैनाठेर निवासी बिलाल के खेत में मजदूरी पर कई लोग धान की रोपाई कर रहे थे। इनमें संतराम (30), विनीता (21), सपना, देवांशी और कामिनी समेत अन्य लोग शामिल थे।
बारिश तेज होने पर सभी लोग खेत के पास एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वहां मौजूद लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मौके पर मची चीख-पुकार, अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया
हादसे के बाद खेतों में काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद घायल लोगों को तत्काल साईं अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने विनीता (21) और संतराम (30) को मृत घोषित कर दिया, जबकि सपना, देवांशी और कामिनी का इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। वहीं घायल युवतियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। बारिश के मौसम में खुले खेतों और विशेष रूप से पेड़ों के नीचे रुकने को लेकर एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत महसूस की जा रही है।