Uttarakhand Government Advertisement

कातिल बीवी का खौफनाक खेल: पति की लाश बाथरूम में दबाई, फिर पुलिस के साथ मिलकर ढूंढने का करती रही नाटक

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

हाइलाइट्स (Highlights):

  • आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में पत्नी ने शराबी पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से पक्का फर्श बना दिया।
  • शातिर पत्नी डेढ़ महीने तक पड़ोसियों के सामने रोने का नाटक करती रही और पुलिस के साथ मिलकर पति को तलाशने भी गई।
  • जेठ के सामने राज खुलने के बाद पुलिस ने बाथरूम की खोदाई कर पति का कंकाल बरामद किया, कातिल पत्नी हिरासत में।

विस्तृत खबर (Full Story):

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने सुपरहिट फिल्म ‘दृश्यम’ की यादें ताजा कर दी हैं। यहां एक पत्नी ने अपने शराबी पति से तंग आकर न सिर्फ उसकी हत्या कर दी, बल्कि उसकी लाश को अपने ही घर के बाथरूम में दफनाकर ऊपर से पक्का फर्श बना दिया। करीब डेढ़ महीने तक यह शातिर महिला पुलिस और रिश्तेदारों को गुमराह करती रही, लेकिन जब पाप का घड़ा भरा तो खौफनाक सच सबके सामने आ गया।

शराब की लत और रोज के झगड़े बने मौत की वजह जानकारी के अनुसार, मूल रूप से भरतपुर (राजस्थान) के रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा के सिकंदरा स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ रहते थे। सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र कोई काम नहीं करता था और शराब का आदी था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर भयंकर झगड़े होते थे।

साजिश: सास और बेटियों को घर से भेजा, लिखाई गुमशुदगी रूबी ने अपनी साजिश के तहत 18 मई को जेठ अनिल को फोन कर बताया कि घर पर पुलिस दबिश दे रही है, इसलिए आप मां और दोनों बच्चियों को अपने घर (वायु विहार) ले जाएं। इसके अगले दिन रूबी खुद भी वहां पहुंच गई और बताया कि सुरेंद्र 4-5 दिन के लिए कहीं बाहर गए हैं। जब कई दिनों तक सुरेंद्र नहीं लौटा, तो रूबी ने अपने जेठ अनिल के साथ जाकर 26 मई को चौकी में पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी।

रोने का नाटक और पुलिस के साथ सीसीटीवी चेकिंग गुमशुदगी दर्ज होने के बाद रूबी ने ऐसा नाटक रचा कि किसी को उस पर शक ही नहीं हुआ। वह मोहल्ले वालों के सामने पति की याद में रोने का ढोंग करती थी। यहां तक कि उसने पुलिस के साथ जाकर कई जगह सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए ताकि लगे कि वह सच में अपने पति को ढूंढ रही है।

जेठ को हुआ शक, और खुद ही उगल दिया खौफनाक सच कुछ दिन पहले अनिल अपनी मां को वापस सुरेंद्र के घर छोड़ गए थे, लेकिन पेंशन के पैसों के लेन-देन को लेकर अनिल को रूबी पर शक होने लगा। शुक्रवार को अचानक रूबी ने अनिल को कॉल करके घर बुलाया। जब अनिल ने सख्ती से पूछा कि सुरेंद्र कहां है, तो रूबी ने जो बताया उसे सुनकर अनिल के पैरों तले जमीन खिसक गई। रूबी ने कबूल किया कि उसने सुरेंद्र की लाश को बाथरूम के नीचे दफना दिया है।

पुलिस ने खोदा बाथरूम, निकला कंकाल अनिल की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मजदूरों को बुलाकर बाथरूम का फर्श खुदवाया। खोदाई के बाद वहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि महिला को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, पूछताछ में रूबी हत्या की बात से इनकार कर रही है। उसका कहना है कि पति ने खुद फंदा लगाकर जान दी थी और उसने डर के मारे शव को बाथरूम में गाड़ दिया था। फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस खौफनाक हत्याकांड की जांच कर रही है।