Moradabad News : प्यार का खौफनाक अंजाम! 5 गोताखोर टीमों ने 4 दिन बाद रामगंगा से निकाला किशोरी का शव

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को रामगंगा नदी में मौत की छलांग लगाने वाले प्रेमी युगल का मामला अब एक बेहद दर्दनाक अंत पर पहुंच गया है। कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित रामगंगा पुल से प्रेमी के साथ नदी में कूदने वाली किशोरी का शव आखिरकार चार दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया है। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनके बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

8 किलोमीटर दूर उतराता मिला शव हादसे के बाद से ही पुलिस, पीएसी (PAC) और गोताखोरों की टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। प्रेमी तुषार (निवासी सूरजनगर) का शव गोताखोरों ने पहले ही दिन बरामद कर लिया था, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। किशोरी की तलाश में गोताखोरों की 5 अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं।

चार दिनों से किशोरी के परिजन रामगंगा नदी के किनारे डेरा डाले हुए थे और अपनी बेटी के सुरक्षित मिलने या कम से कम उसका सुराग मिलने की आस लगाए बैठे थे। बुधवार को गोताखोरों को तब बड़ी सफलता मिली, जब किशोरी का शव घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर आगे नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव टीम ने तत्काल शव को बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। शव की शिनाख्त होते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

आवेश में लिए गए फैसले का खौफनाक अंजाम प्रेमी युगल के इस दर्दनाक कदम ने दो हंसते-खेलते परिवारों को जिंदगी भर के लिए गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि युवाओं द्वारा आवेश और भावुकता में लिए गए फैसलों के परिणाम कितने गंभीर और भयावह हो सकते हैं। परिवारों के लिए यह हादसा अब जिंदगी भर का नासूर बन गया है।