मुरादाबाद में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम: 12 हथगोले और असलहों के जखीरे के साथ 3 शातिर तस्कर गिरफ्तार

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ

मुरादाबाद: महानगर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे एक खतरनाक गैंग का मुरादाबाद की कटघर पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले गैंग के सरगना (लीडर) सहित तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से 12 हथगोले (देसी बम), 3 तमंचे और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस बड़ी बरामदगी को जिले की कानून-व्यवस्था के लिहाज से पुलिस की एक अहम कामयाबी माना जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस का एक्शन एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के सख्त निर्देशों के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटघर पुलिस टीम को मुखबिर से इस गैंग की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने सटीक घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:

  • दुष्यन्त उर्फ दीपक (गैंग लीडर): पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी विकास नगर लाइन पार, थाना मझोला, मुरादाबाद।
  • ऋषभ शर्मा: पुत्र कमलेश शर्मा, निवासी एकता कॉलोनी, थाना मझोला, मुरादाबाद।
  • अजीम: पुत्र खुबैल अहमद, निवासी गोवर्धनपुर, थाना मुंडापांडे, मुरादाबाद।

आरोपियों के पास से बरामद जखीरा:

  • 12 देसी बम (हथगोले)
  • 2 तमंचे (.315 बोर)
  • 1 तमंचा (12 बोर)
  • 60 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
  • 35 खोखा कारतूस (.315 बोर)
  • 2 जिंदा कारतूस (12 बोर)
  • 7 खोखा कारतूस (12 बोर)
  • अवैध हथियारों की बिक्री से मिली कुछ नगदी

पैसों के लालच में करते थे हथियारों की सप्लाई पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे पैसों के लालच में अवैध तमंचे, कारतूस और देसी बम राह चलते लोगों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को सप्लाई करते थे।

अब इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस: इतनी बड़ी मात्रा में हथगोले और कारतूस मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप है। पुलिस को गहरी आशंका है कि ये असलहे किसी बड़ी आपराधिक घटना या शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकते थे। पुलिस अब गहराई से इस बात की जांच कर रही है कि:

  • इस अवैध हथियार सिंडिकेट के पीछे और कौन सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है?
  • अब तक किन-किन लोगों को ये असलहे और बम बेचे जा चुके हैं?
  • हथगोलों का मुख्य सप्लायर या निर्माता कौन है?