मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
मुरादाबाद : महानगर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके बुध बाजार में चल रहे एक बड़े अनैतिक देह व्यापार (Sex Racket) का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों पर मुरादाबाद थाना कोतवाली नगर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने बीती रात (21-22 मार्च) एक होटल में अचानक छापेमारी की। इस दौरान होटल के कमरों से 11 पुरुषों और 3 महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली और बाहरी जिलों से बुलाई जाती थीं लड़कियां
पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में की गई इस बड़ी कार्रवाई में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इस होटल में दिल्ली और अन्य बाहरी जनपदों से युवतियों को बुलाकर यह जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा था। मुख्य आरोपी (संचालक) ग्राहकों से मोटी रकम वसूलता था और महिलाओं को लालच व दबाव देकर इस अनैतिक कृत्य में धकेलता था।
होटल मालिक मौके से फरार, तलाश जारी
छापेमारी की भनक लगते ही होटल का मालिक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पकड़े गए सभी 14 आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में धारा 61(2) बीएनएस (BNS) और 3/4/5 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
होटल के कमरों से पुलिस को मिला ये आपत्तिजनक सामान:
पुलिस टीम ने होटल के कमरों की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है:
- 15 सेक्स वर्धक गोलियां
- 23 कंडोम और 2 खाली रैपर
- ₹26,520/- की नगद धनराशि
- 17 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
इस बड़ी कार्रवाई से शहर के अन्य अवैध होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।