Bulandshahr  News-दो पक्षों में मस्जिद में इमाम रखने को लेकर बवाल

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Bulandshahr  News- : यूपी के बुलंदशहर में एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। यहां के कोतवाली शिकारपुर क्षेत्र के ड्ढोरी वाले मोहल्ले में मस्जिद में इमाम रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि एक पक्ष मस्जिद में नया इमाम नियुक्त करना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

दो पक्षों में लाठी-डंडे चले और हुआ पथराव
विवाद के दौरान, मस्जिद के बाहर जमकर लाठी-डंडे चले और एक-दूसरे पर पथराव किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग खुलेआम मारपीट और पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लाठी-डंडों की चोट और पत्थर लगने से झगड़े के दौरान कई लोग घायल हो गए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
इस घटना की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की बात कही जा रही है। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

मौके पर तैनात करना पड़ा पुलिस बल
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल चाहे जो भी लोग हों, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।