Uttarakhand Government Advertisement

CM Yogi Amroha visit : , CM योगी ने अमरोहा में 207.49 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

CM Yogi Amroha visit : , CM योगी ने अमरोहा में 207.49 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर अमरोहा पहुंचे। हाईवे स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और जिले की प्रसिद्ध ढोलक के निर्माण व उसकी विशेषताओं की जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान जिले की 207.49 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें अमरोहा विधानसभा क्षेत्र की 104.35 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाएं और धनौरा विधानसभा क्षेत्र की 103.13 करोड़ रुपये की 18 परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ग्रामोद्योग रोजगार योजना, स्वयं सहायता समूह, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और किसान ड्रोन अनुदान योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक और अन्य सहायता प्रदान की गई।
विज्ञापन

अमरोहा अब पिछड़ा जिला नहीं, विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेगा : मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनपद महाभारत कालीन पावन तीर्थ तिगरी धाम और वासुदेव तीर्थ की ऐतिहासिक विरासत को संजोए हुए है। उन्होंने अमरोहा की धरती को नमन करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने अपनी कारीगरी और हस्तशिल्प से दुनिया में अलग पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरोहा का तबला और ढोलक एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत अपनी खास पहचान बना चुके हैं। यहां के किसान आम की फसल को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य गंगा नहर परियोजना पूरी होने की ओर है और गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से अमरोहा से दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज की दूरी काफी आसान हो गई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार हरिद्वार तक आवागमन को और सुगम बनाने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने प्रशासन को किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य दिलाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि अमरोहा अब पिछड़े जिले की पहचान से बाहर निकल चुका है। जिस तरह यहां के तबले और ढोलक ने दुनिया में अमरोहा का नाम रोशन किया है, उसी तरह यह जनपद विकास के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए अपनी नई पहचान बनाएगा।
2017 से पहले विकास और औद्योगिक निवेश की कल्पना भी नहीं थी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अमरोहा अब विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या वर्ष 2017 से पहले इस तरह का विकास और औद्योगिक निवेश संभव था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पाता था और वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दी गई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए जाते तो उत्तर प्रदेश का पूरा चीनी उद्योग बंद हो सकता था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डबल इंजन की सरकार प्रदेश में 122 चीनी मिलों का संचालन कर रही है। अब तक गन्ना किसानों को 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। पहले गन्ने का मूल्य 300 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिससे आने वाले 50 से 100 वर्षों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का नौजवान बेरोजगार नहीं रहेगा और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित होगी। वर्ष 2017 में शुरू हुई विकास यात्रा के परिणामस्वरूप आज अमरोहा और पूरे प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि का वातावरण दिखाई दे रहा है।
आस्था का सम्मान और विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में धार्मिक आयोजनों और आस्था से जुड़े कार्यक्रमों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती थीं। जन्माष्टमी, कांवड़ यात्रा, रामनवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न होती थीं, लेकिन वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है।

उन्होंने कहा कि अब कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी और तिगरी मेले के आयोजन पर किसी प्रकार की रोक नहीं है। सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है और हर स्तर पर उनकी आस्था का सम्मान करते हुए सहयोग कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं तिगरी मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए यहां आए थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में तेजी से आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं न सिर्फ यातायात को आसान बनाएंगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से विकास की रफ्तार बढ़ती है और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष फोकस गंगा एक्सप्रेसवे से अमरोहा को जोड़ने पर रहा है। इसका लाभ अब जिले को मिलने लगा है और अमरोहा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके लिए सही सोच, स्पष्ट नीति और ईमानदार नीयत की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि जब नीति और नीयत ठीक नहीं होती तो विकास संभव नहीं हो पाता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के लगभग हर जिले में दंगे होते थे और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं-जेल या जहन्नुम। इसके अलावा उनके लिए कोई तीसरी जगह नहीं होगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की सख्त नीतियों के कारण आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और हर बेटी तथा व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा का माहौल बनने से सुशासन को बढ़ावा मिला है और प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।