गाजियाबाद एनकाउंटर: सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक सिपाही भी घायल

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित खोड़ा इलाके में पुलिस ने एक बड़े एक्शन को अंजाम दिया है। बकरीद के दिन सूर्या चौहान नामक युवक की चाकुओं से गोदकर की गई निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने आज तड़के एक मुठभेड़ (Police Encounter) में मार गिराया है। दोनों ओर से हुई इस फायरिंग में एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पैसे लेकर शहर छोड़ने की फिराक में था आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद शहर से भागने की फिराक में है। वह अपने एक परिचित से पैसे लेने के लिए आज तड़के खोड़ा इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

रुकने का इशारा किया तो झोंक दी फायर

कुछ ही देर में असद अपने एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो रुकने के बजाय उसने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस गोलीबारी में आरोपी असद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकलने में सफल रहा।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, 3 पहले ही जा चुके हैं जेल

मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस ने असद को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

  • ​मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने आरोपियों की एक मोटरसाइकिल और एक देसी पिस्तौल बरामद की है।
  • ​पुलिस अब फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है। आपको बता दें कि सूर्या चौहान की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस पहले ही त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।