मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: कैंटर की टक्कर से NIA के डिप्टी एसपी की दर्दनाक मौत, महिला मित्र गंभीर

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है। कटघर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के डिप्टी एसपी (Deputy SP) हिमांशु मेहरा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी बाइक पर पीछे बैठी उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कल्याणपुर अंडरपास के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कटघर क्षेत्र के कल्याणपुर अंडरपास के पास उस समय हुआ जब डिप्टी एसपी हिमांशु अपनी रेसर बाइक से महिला मित्र पूनम (निवासी जयपुर) के साथ उत्तराखंड के बाजपुर की ओर जा रहे थे। अचानक एक तेज रफ्तार कैंटर (ट्रक) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेसर बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और हिमांशु का हेलमेट छिटक कर काफी दूर जा गिरा।

डिवाइडर पर जा गिरी महिला मित्र, उत्तराखंड के पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

हादसे के दौरान बाइक पर पीछे बैठी पूनम उछलकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा गिरीं। गनीमत रही कि इस दौरान उनके ठीक पीछे कार से आ रहे उत्तराखंड पुलिस के दो कर्मी बाल-बाल बच गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पूनम ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह फोन से हिमांशु की मां और उनके भाई को इस दुखद घटना की जानकारी दी।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने डिप्टी एसपी हिमांशु मेहरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पूनम का मुरादाबाद के टीएमयू (TMU) अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने हिमांशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

NIA के दिल्ली मुख्यालय में थे तैनात

पुलिस के अनुसार, मृतक हिमांशु मेहरा मूल रूप से चंडीगढ़ के मोहाली स्थित खरड़ क्षेत्र के सन्नी एनक्लेव के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में डिप्टी एसपी के उच्च पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती एनआईए के दिल्ली स्थित मुख्यालय में थी। मुरादाबाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार कैंटर चालक की तलाश में जुट गई है।