Uttarakhand Government Advertisement

सिपाही ने सरकारी राइफल से खुद को मारी गोली, 6 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

UP News-उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना धौलाना परिसर में 13 सितंबर 2026 को उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस सिपाही ने अपनी ही सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। अचानक हुई तेज फायरिंग और धमाके की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां सिपाही खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सिपाही की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है, जो आगरा जिले का रहने वाला था।

सिपाही की जेब से 6 पन्नों का सुसाइड नोट हुआ बरामद
हापुड़ जिले के थाना धौलाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात सिपाही आशीष कुमार का अपनी ही सरकारी राइफल से खुद को गोली मारने की घटना ने जहां सभी को चौंका दिया तो वहीं उसकी जेब से 6 पन्नों का हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मृतक सिपाही आशीष कुमार आगरा जिले का रहने वाला था और साल 2025 बैच का सिपाही था। वर्तमान में उसकी तैनाती हापुड़ के धौलाना थाने में सशस्त्र राइफल ड्यूटी पर थी। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के उच्च पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुंचे। हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मृतक सिपाही की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट के अवलोकन से पता चला है कि सिपाही कुछ मनोरोगों और डिप्रेशन से जूझ रहा था।

सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
मृतक सिपाही की जेब से मिले 6 पन्नों के सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मृतक सिपाही आशीष कुमार ने अपने सुसाइड नोट में पुलिस के अनुसार लिखा कि कुछ मनोरोगों और डिप्रेशन से जूझ रहा था, जिसका वह पूर्व में इलाज भी करा रहा था और वर्तमान में इलाज नहीं कराना चाहता था। नोट में उसने पुलिस विभाग, अपने साथी कर्मचारियों और अधिकारियों की सराहना की है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। साथ ही उनके साथी कर्मचारियों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।