गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल गगरेट स्थित अंबोटा गांव से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। यहां एक प्रेमी-युगल या परिवारों की रजामंदी से सुबह पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह हुआ, लेकिन सूरज ढलते-ढलते यह रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया। विदाई के वक्त हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में ही शादी तोड़ने और आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया।
ससुराल जाने की बारी आई तो मुकरी दुल्हन प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती का विवाह प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ था। शादी की सभी रस्में और सात फेरे पूरे हो चुके थे। लेकिन जैसे ही दुल्हन की विदाई और उसे ससुराल ले जाने की बारी आई, तो उसने वहां जाने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन की इस जिद के बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया।
पुलिस के सामने हुआ ‘तलाक’ विवाद बढ़ने पर गगरेट पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर लंबी बातचीत कराई। चर्चा के दौरान दूल्हे पक्ष का साफ कहना था कि यदि विवाह के तुरंत बाद ही दुल्हन ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं है और इतना हंगामा कर रही है, तो भविष्य में इसके साथ वैवाहिक जीवन बिताना और भी कठिन हो जाएगा। काफी देर तक चली इस पंचायत के बाद दोनों परिवारों ने बिना कोई पुलिस केस किए, शांतिपूर्वक इस वैवाहिक संबंध को खत्म करने (तलाक) का निर्णय लिया।
क्या था रिश्ते टूटने का असली कारण? ‘नकली गहनों’ का खेल! भले ही दोनों पक्षों ने थाने में सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया, लेकिन सूत्रों के अनुसार इस पूरे ड्रामे के पीछे ‘नकली आभूषणों’ का खेल था। बताया जा रहा है कि शादी के दौरान दुल्हन को जो गहने दिए गए थे, वे नकली थे।
‘लुटेरी दुल्हन’ का था खौफ: दरअसल, पिछले कुछ समय से हिमाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में ‘लुटेरी दुल्हन’ (शादी के तुरंत बाद गहने और नकदी लेकर फरार होने वाली लड़कियां) के कई मामले सामने आए हैं। दूल्हा पक्ष को पहले से ही इस दुल्हन की नीयत पर कुछ शक था। इसी संदेह के चलते उन्होंने दुल्हन को नकली आभूषण पहनाए थे। जब इस बात की भनक दुल्हन को लगी, तो सात फेरे लेने के बाद उसका मनमुटाव हो गया और उसने ससुराल जाने से इनकार कर दिया।
फिलहाल, इलाके में यह ‘वन डे वेडिंग’ (एक दिन की शादी) और नकली गहनों का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।