Uttarakhand Government Advertisement

ग्राम पंठगी में तेंदुए की दहशत: खेत में चारा लेने गए युवक का हुआ सामना, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

पंठगी: सोमवार सुबह ग्राम पंठगी के खेतों में तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में भारी दहशत फैल गई। खेत में चारा लेने गए एक युवक का तेंदुए से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ उसकी तलाश की, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।

बराबर के खेत से निकलकर आया तेंदुआ ग्राम निवासी और सपा के जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह यादव के भतीजे रवीश कुमार सोमवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने अपने खेत पर गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पास के खेत से निकलकर एक तेंदुआ उनके खेत में घुस रहा है। तेंदुए को अचानक सामने देखकर रवीश घबरा गए और मदद के लिए शोर मचाने लगे।

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीण, नहीं मिला सुराग रवीश का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण अलर्ट हो गए और लाठी-डंडे लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर खेतों में तेंदुए की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के हरपाल सिंह यादव, विक्रम सिंह यादव, विजयपाल सिंह यादव, खचेडु सिंह, रामधन सिंह, कृपाल सिंह यादव, राहुल सिंह, रामनाथ सिंह, मोहम्मद उमर, ओमपाल सिंह और यादराम सिंह सहित कई ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

वन विभाग ने दिया पिंजरा लगाने का आश्वासन खेत में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी और उसे जल्द पकड़ने की मांग की। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए शीघ्र ही इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा।

आसपास के गांवों में भी खौफ का माहौल ग्रामीणों के मुताबिक, तहसील क्षेत्र और आसपास के अन्य गांवों में भी पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। तेंदुए के इस बढ़ते आतंक के चलते पूरे इलाके के लोग भयभीत हैं और वन विभाग से जल्द से जल्द इस खौफ से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।