मयंक त्रिगुण, ब्यूरो चीफ
मुरादाबाद (ब्यूरो)। पीतल नगरी में रिश्तों और दोस्ती के कत्ल की कोशिशों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार ढक्का मोहल्ले में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज एक मोबाइल फोन के लिए दोस्तों ने अपने ही साथी को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। फोन देने से मना करने पर गुस्साए चार दोस्तों ने युवक के पेट में गोली मार दी और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।
जन्मदिन की पार्टी से लौटते वक्त घेरा
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, प्रीतम नगर निवासी संजय सैनी का बेटा मोहित सैनी बृहस्पतिवार शाम ढक्का मोहल्ले में अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। रात करीब नौ बजे जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसके दोस्तों ने उसे घेर लिया।
मोबाइल न देने पर चला दी गोली
आरोप है कि घेराबंदी करने वाले दोस्तों ने मोहित से उसका मोबाइल फोन मांगा। जब मोहित ने अपना फोन देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोस्त हैवानियत पर उतारू हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया और मोहित के पेट में गोली दाग दी। गोली लगते ही मोहित जमीन पर गिर पड़ा और चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मझोला पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मोहित को आनन-फानन में अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मोहित अपने माता-पिता के साथ मंडी में फल का ठेला लगाकर परिवार की मदद करता था।
चार नामजद, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की मां कंचन की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने लाइनपार के शांति नगर निवासी अनुज वर्मा, शिवम, मोहित और शक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
“मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी नामजद आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।” — कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी (मुरादाबाद)
- Infinix GT 50 Pro 27 अक्टूबर को लॉन्च: गेमिंग फोन के साथ कंट्रोलर का बंडल, जानें स्पेक्स
- Samsung Galaxy S25 सिर्फ ₹54,999 में: Flipkart सेल में बड़ी गिरावट, HDFC कार्ड पर और छूट
- ₹25,000 दिवाली बोनस की मांग: महाराष्ट्र परिवहन कर्मचारियों का हड़ताल का ऐलान, 2 नवंबर तक अल्टीमेटम
- 8वां वेतन आयोग आज-कल मुंबई में: कर्मचारी संगठनों से मुलाकात, रिपोर्ट कब तक आएगी
- iPhone 17 फिर ₹79,999 में: Flipkart Shopping Utsav सेल में बंपर छूट, जानें ऑफर

