नई दिल्ली। भारत में पुराने और सेकंड-हैंड कपड़ों की खरीदारी यानी ‘थ्रिफ्टिंग’ अब सिर्फ मजबूरी नहीं, बल्कि एक बड़ा फैशन ट्रेंड बन गया है। Google Trends के ताजा डेटा के मुताबिक, पिछले एक साल में भारत में ‘थ्रिफ्टिंग’ से जुड़ी खोजें अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं।
सर्च में जबरदस्त उछाल
डेटा के अनुसार ‘how to thrift’ यानी ‘थ्रिफ्टिंग कैसे करें’ की खोज में 850 फीसदी, ‘thrift store near me’ में 600 फीसदी और ‘what is thrift store’ में 1000 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ‘thrift meaning in Hindi’ जैसे शब्दों की खोज भी बढ़ रही है, जिससे पता चलता है कि लोग इस कैटेगरी को समझने के लिए उत्सुक हैं। सबसे ज्यादा खोजे जाने वाले थ्रिफ्ट आइटम्स में जैकेट, टॉप, जूते और जींस शामिल हैं, जबकि फर्नीचर की खोज में भी तेजी आई है।
मेट्रो से छोटे शहरों तक क्रेज
यह क्रेज सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। थ्रिफ्ट स्टोर खोजने वाले शीर्ष 10 शहरों में बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, कोच्चि, देहरादून, गुवाहाटी और जयपुर शामिल हैं। गुवाहाटी और जयपुर में तो ‘ब्रेकआउट’ स्तर की दिलचस्पी देखी गई है। Y2K स्ट्रीटवियर, जॉर्ट्स, ट्रैक पैंट और बैगी जींस जैसे रेट्रो फैशन ट्रेंड भी सेकंड-हैंड शॉपिंग को बढ़ावा दे रहे हैं।