मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ज़मीनी स्तर पर खुद को मजबूत करने के लिए लगातार रैलियां और बैठकें कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा विधानसभा के भगतपुर टांडा क्षेत्र की ग्राम पंचायत उदाबाला में सपा की तरफ से एक विशाल ‘PDA पंचायत’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का हुजूम उमड़ा, बल्कि भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी इस चौपाल का हिस्सा बनने पहुंचे।
इस पंचायत के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और ठाकुरद्वारा विधानसभा से टिकट के प्रबल दावेदार इंजीनियर इक़बाल ने प्रदेश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दावा किया कि सूबे की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। इंजीनियर इक़बाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और 2027 में सूबे में PDA की सरकार बनने जा रही है, जिसके मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे।
बीजेपी सरकार हर स्तर पर फेल: इंजीनियर इक़बाल
उदाबाला ग्राम पंचायत में जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए सपा नेता इंजीनियर इक़बाल ने कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। दरअसल, सपा इस समय ‘पीडीए’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले के सहारे अपनी जमीन को और मजबूत करने में जुटी है। इंजीनियर इक़बाल ने मंच से कहा कि आज समाज का हर वर्ग परेशान है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और किसान अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार सिर्फ वादे करना जानती है, जमीन पर कोई काम नहीं दिख रहा है।
गांव-गांव पहुंचेगा अखिलेश यादव का ‘PDA फॉर्मूला’
सपा नेताओं का मानना है कि आगामी चुनावों में जीत की चाबी ‘PDA’ के पास ही है। कार्यक्रम के दौरान इंजीनियर इक़बाल ने स्थानीय लोगों और ग्रामीणों को विस्तार से बताया कि आखिर पीडीए की नीतियां क्या हैं और यह गठबंधन कैसे समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बन रहा है। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में सपा इस तरह की छोटी-बड़ी पंचायतें करके सीधे वोटरों से संवाद साध रही है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अखिलेश यादव की नीतियों और सरकार की विफलताओं को लेकर घर-घर जाएं।
इस पूरी पंचायत के दौरान समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। वक्ताओं ने कहा कि ठाकुरद्वारा की जनता हमेशा से समाजवादी विचारधारा के साथ रही है और इस बार भी वह नया इतिहास रचने को तैयार है। कार्यक्रम के समापन तक पंडाल में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे।