Amroha News-अमरोहा/गजरौला: जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर मंगलवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खियालीपुर ढाल के पास हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना गजरौला कोतवाली क्षेत्र के खियालीपुर ढाल के पास घटित हुई। तेज रफ्तार वैगनआर कार को किसी अज्ञात वाहन ने इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। चीख-पुकार सुनकर हाईवे पर चल रहे अन्य राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े।
मृतकों में तीन पश्चिम बंगाल और एक बरेली का निवासी हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतकों में से तीन लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे, जबकि एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद का निवासी था। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गजरौला कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश और मामले की विस्तृत कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

