मुरादाबाद: लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण कोसी नदी का पानी मूढ़ापांडे क्षेत्र के कई गांवों में घुस गया है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने प्रभावित भीतखेड़ा सहित अन्य गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
राहत और बचाव कार्यों के सख्त निर्देश निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। जलभराव और आवागमन की दिक्कतों को देखते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत व बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित आवागमन की तुरंत व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
विधायक ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस संकट की घड़ी में उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौजूदा हालात पर चर्चा की और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
प्रशासन की अपील: पानी में जाने से बचें कोसी नदी के जलस्तर और गांवों की ओर बढ़ते पानी पर प्रशासन की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और अपनी सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।