मुरादाबाद: सुरजन नगर चौकी क्षेत्र के ग्राम लालापुर पीपलसाना और आसपास के इलाकों में तेंदुए के लगातार हमलों और दहशत के बीच शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल की नवनियुक्त कमिश्नर संगीता सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, सहायता के दिए निर्देश कमिश्नर संगीता सिंह ने तेंदुए के हमले में घायल हुए ग्रामीणों और मृतक के शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
पिंजरों व ट्रैप कैमरों का निरीक्षण, गश्त बढ़ाने के आदेश कमिश्नर ने वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरों, ट्रैप कैमरों और निगरानी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक हिंसक तेंदुआ सुरक्षित तरीके से पकड़ में नहीं आ जाता, तब तक वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त गश्त अनवरत जारी रहनी चाहिए।
कमिश्नर ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें, घर से बाहर झुंड में निकलें और बच्चों को किसी भी हाल में अकेले खेतों की ओर न भेजें। वन विभाग को कॉम्बिंग अभियान तेज करने और अतिरिक्त ट्रैपिंग संसाधन जुटाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अमले की ओर से एसडीएम वेद प्रकाश पांडे, सीओ आशीष प्रताप सिंह, थाना प्रभारी मनोज परमार, सुरजन नगर चौकी प्रभारी ओंमकार सिंह, सत्येंद्र बालियान और विजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। वहीं, वन विभाग की ओर से डीएफओ डॉ. विनय कुमार, वन रेंजर रिजुल कंसल, वन दरोगा पीयूष जोशी, कंचन सिंह और वसीम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।