जुनावई (संभल): मुबारक हुसैन, जुनावई थाना क्षेत्र के गांव दबथरा हरलाल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पड़ोस की एक युवती की शादी होने की खबर से आहत एक युवक ज्वलनशील पदार्थ की बोतल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस, प्रशासन और सैकड़ों ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं। आखिरकार, गुन्नौर सीओ अंकित कुमार के समझाने और आश्वासन के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
प्यार के चक्कर में ठुकरा चुका था तीन रिश्ते
गांव दबथरा हरलाल निवासी मुकेश कुमार तीन भाइयों में बीच का है। उसके बड़े भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। उन्होंने मुकेश के लिए करीब दो साल पहले ईसमपुर, एक साल पहले उत्तराखंड के बाजपुर और सात माह पहले संभल से आए शादी के रिश्तों की बात चलाई, लेकिन मुकेश ने तीनों बार इनकार कर दिया। मजबूरी में परिवार ने छह माह पहले सबसे छोटे भाई मनोज की शादी कर दी। बुजुर्ग मां प्रेमवती के बार-बार समझाने के बावजूद मुकेश पड़ोस की युवती से प्रेम के चलते शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।
दिल्ली से लौटा, घर जाने के बजाय सीधे टावर पर चढ़ा
बड़े भाई के मुताबिक, मुकेश करीब दस दिन पहले काम के सिलसिले में दिल्ली गया था। वहां उसे पता चला कि जिस युवती से वह प्रेम करता है, उसकी तीन दिन पहले शादी हो गई है। मंगलवार रात उसने छोटे भाई मनोज से ऑनलाइन कुछ पैसे मंगवाए और दिल्ली से गांव के लिए निकल पड़ा। लेकिन बुधवार सुबह करीब सात बजे घर पहुंचने के बजाय वह चेहरे पर कपड़ा बांधकर और हाथ में ज्वलनशील पदार्थ की बोतल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पहले तो ग्रामीण उसे पहचान नहीं पाए, लेकिन जब उसने चेहरे से कपड़ा हटाया तो उसकी पहचान मुकेश के रूप में हुई।
साढ़े तीन घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
बड़े भाई सुरेंद्र के बार-बार मिन्नतें करने के बाद भी जब मुकेश नीचे नहीं उतरा, तो डायल 112 को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जुनावई थाना प्रभारी धीरज सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। वहीं, गुन्नौर एसडीएम अवधेश कुमार वर्मा को अवगत कराने के बाद गुन्नौर सीओ अंकित कुमार और नायब तहसीलदार प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। युवक के पास ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण एहतियातन अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) को भी बुला लिया गया।
सीओ के आश्वासन पर उतरा नीचे
मौके पर पहुंचे गुन्नौर सीओ अंकित कुमार ने माइक और बातचीत के जरिए मुकेश को भरोसे में लिया और उसकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मुकेश टावर से नीचे उतरने को राजी हुआ। नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां परिजनों को भी बुलाया गया।
सीओ गुन्नौर अंकित कुमार ने बताया कि युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ व बातचीत की जा रही है।

लेखक के बारे में
असिस्टेंट एडिटर
मयंक त्रिगुण Jagruk Youth News में असिस्टेंट एडिटर हैं। इनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। राजनीति, समसामयिक मामलों, न्यायपालिका से जुड़े विषयों पर लिखने में उनकी गहरी रुचि है। मुरादाबाद के टीएमयू (TMU University) से MJMC (MA) की पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह छह साल से अधिक समय से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

