सीएम धामी ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर दी ₹147 करोड़ की सौगात

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

पेंशन वितरण और सम्मान समारोह मुख्यमंत्री ने ‘वन क्लिक’ के माध्यम से प्रदेश के 9,93,886 पेंशनरों के खाते में सितंबर माह की पेंशन के रूप में कुल ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की धनराशि ट्रांसफर की। इसके अलावा:

  • विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।
  • निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 5 छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
  • सभी उपस्थित लोगों को वरिष्ठजनों के कल्याण और सम्मान की शपथ दिलाई गई।

दिव्यांगजनों के लिए पहल और पौधारोपण सीएम धामी ने कार्यक्रम के दौरान ‘दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग’ का भी शुभारंभ किया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दिव्यांग युवाओं के लिए एक बड़ा कदम है। साथ ही, परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।

“बुजुर्ग हमारे परिवार का सुरक्षा कवच हैं” वृद्धजनों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों के सानिध्य में ही परिवार सुरक्षित रहता है और बच्चों को जीवन के संस्कार व आदर्श सीखने को मिलते हैं। खुद को प्रदेश का ‘मुख्य सेवक’ और ‘बेटा’ बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी उनकी है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए राज्य सरकार के प्रमुख कदम:

  • पेंशन योजना: राज्य में वृद्धजनों को प्रतिमाह ₹1500 की पेंशन दी जा रही है। पति और पत्नी, दोनों को इसका अलग-अलग लाभ मिल रहा है।
  • वृद्धाश्रमों का विस्तार: बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं। देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण किया जा रहा है।
  • कानूनी सुरक्षा: बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम’ सख्ती से लागू किया गया है।
  • मुफ्त तीर्थ यात्रा: ‘दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना’ के जरिए वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क तीर्थ यात्रा की व्यवस्था।
  • स्वास्थ्य सुरक्षा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत बुजुर्गों के मुफ्त इलाज की गारंटी सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, निदेशक संजय कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।