देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों की पुण्य स्मृति में उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की बदौलत ही अलग राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
धामी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण ही शहीद आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।
(स्रोत: सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड)