पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, CM धामी ने की 11 प्रमुख कार्यक्रमों की घोषणा

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। इस एक महीने लंबे अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और नवाचार के जरिए आम नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है।

सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्यभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के 11 प्रमुख कार्यक्रम:

  1. आशीर्वाद का दिया: गैस व राशन वितरण केंद्रों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, गंगा तटों, नए मेडिकल कॉलेजों और अमृत सरोवरों आदि पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम होंगे।
  2. मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा: स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
  3. नमो सेवा–अनकही कहानियां: देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का विद्यालयों में मंचन होगा।
  4. आंगन मिलन सेवा: आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण और शिशु कल्याण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  5. सेवा की कहानियां: केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भाषणों और कहानियों के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा।
  6. सेवा ज्योति कलश यात्रा: प्रमुख चौराहों पर ‘विकसित भारत 2047’ का कलश स्थापित कर साइकिल एवं बाइक यात्रा निकाली जाएगी।
  7. सेवा: मेरा योगदान: आम नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और अन्य समाजोपयोगी कार्यों से जोड़ा जाएगा।
  8. सेवा सेतु अभियान: ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
  9. सेवा के रंग, राष्ट्र के संग: रंगोली के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को प्रदर्शित किया जाएगा।
  10. सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज: केंद्र और राज्य सरकार के विभागों को जोड़कर वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए इनोवेशन चैलेंज आयोजित होंगे।
  11. सुशासन सेवा संवाद: सेवा और सुशासन के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यापक चर्चा और संवाद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। यह अभियान प्रदेश के हर जिले में प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।