मुरादाबाद: प्रैक्टिकल परीक्षा देने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

मुरादाबाद: भगतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर बीए फाइनल की प्रैक्टिकल परीक्षा देने कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले हुआ हादसा मृतका की पहचान रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव भाऊपुरा निवासी नरेश सिंह की बेटी नेहा (21) के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नेहा अपने भाई के साथ बाइक से किशनपुर स्थित शांति चौहान स्मारक महाविद्यालय जा रही थी। जैसे ही दोनों बहन-भाई भगतपुर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर रोशनपुर-टाहमदन मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि नेहा की मौके पर ही जान चली गई।

डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। भगतपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने नेहा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मजदूरी कर परिवार चला रहे पिता पर टूटा कहर हादसे की खबर मिलते ही नेहा के परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि नेहा अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और उसके पिता नरेश सिंह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। होनहार बेटी की अचानक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।