संभल: योगी सरकार संवारेगी 68 तीर्थ स्थल, 1.20 करोड़ से ‘चंद्र तीर्थ’ के जीर्णोद्धार का हुआ भूमि पूजन

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

संभल: अपनी धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध संभल में 68 तीर्थ स्थलों और 19 कूपों के कायाकल्प की कवायद तेज हो गई है। योगी सरकार की पहल पर इन प्राचीन स्थलों का जीर्णोद्धार कर वहां श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार शाम संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलम सराय स्थित ‘चंद्र तीर्थ’ के जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया।

1.20 करोड़ से चमकेगा चंद्र तीर्थ डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि चंद्र तीर्थ के विकास पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत आएगी। यहां मल्टीपर्पस हॉल, फ्लोरिंग, भव्य गेट और जनसुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए 20 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। भूमि पूजन कार्यक्रम में डीएम के साथ एसडीएम विकास चंद्र, आरएसएस के विभाग कार्यवाह और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

अन्य पौराणिक स्थलों का भी हो रहा विकास एसडीएम विकास चंद्र के अनुसार, 68 तीर्थों में शामिल मनोकामना तीर्थ, श्रीवंशगोपाल तीर्थ, हंस तीर्थ, सूर्यकुंड और भुवनेश्वर तीर्थ जैसे कई प्रमुख स्थलों पर भी विकास कार्य जारी हैं। सरकार का उद्देश्य इन पौराणिक स्थलों को विकास की नई पहचान दिलाना है, जो लंबे समय से लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र रहे हैं।

चार महीने का लक्ष्य, 26 तीर्थों को अभी मंजूरी का इंतजार डीएम ने बताया कि बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी और सरकार ने इन कार्यों को पूरा करने के लिए 4 महीने की समय सीमा तय की है। बचे हुए सभी तीर्थों की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी गई है। फिलहाल 26 तीर्थों की स्वीकृति आनी बाकी है, जिसके बाद वहां भी चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।