Uttarakhand Government Advertisement

Uttarakhand Weather -गढ़वाल-कुमाऊं के ऊंचाई वाले इलाकों में बदलेगा मौसम

Uttarakhand Government Advertisement
ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Uttarakhand Weather –देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल रही है, लेकिन इसका असर तापमान पर दिखाई नहीं दे रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले एक से दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, लेकिन आने वाले तीन से पांच दिनों में तापमान में धीरे-धीरे करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है।

देहरादून में तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी
राजधानी देहरादून में मंगलवार को भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। दिन के समय सड़कों पर कम आवाजाही देखने को मिली और लोग धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि बीच-बीच में चल रही हल्की ठंडी हवाओं ने थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन उमस और गर्मी का असर लगातार बना रहा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है। खासकर दोपहर के समय लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गढ़वाल-कुमाऊं के ऊंचाई वाले इलाकों में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई है, जबकि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

हालांकि प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बरकरार रहेगा।

गुरुवार से मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में गर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि इस बदलाव के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।