मुरादाबाद/बिलारी: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रिश्तों और खाकी वर्दी दोनों को शर्मसार करने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। एक महिला ने पुलिस महकमे के ही एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आरोपी सिपाही ने किरायेदार बनकर उसके घर में एंट्री ली और फिर ब्लैकमेलिंग का ऐसा घिनौना खेल शुरू किया, जिसने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी।
किरायेदार बनकर रहा, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
बिलारी नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि बिजनौर जिले के आदमपुर (शामली) निवासी सुमित कोरी सोनकपुर थाने में सिपाही के पद पर तैनात था। वर्ष 2023 से 2025 तक वह पीड़िता के मकान में किरायेदार बनकर रहा। महिला का पति वाहन चालक है और अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता है।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर सिपाही सुमित कोरी ने महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से महिला का अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसी वीडियो के दम पर वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
तीन बार कराया जबरन गर्भपात, ट्रांसफर के बाद भी दी धमकी
महिला ने अपनी शिकायत में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पीड़िता का कहना है कि सिपाही की इस ज्यादती के चलते वह तीन बार गर्भवती हो गई, लेकिन आरोपी ने धमकाते हुए जबरन दवाइयां खिलाकर उसका गर्भपात (Abortion) करा दिया। बाद में जब सिपाही का ट्रांसफर बिजनौर जिले के एक थाने में हो गया, तब भी उसने महिला का पीछा नहीं छोड़ा। आरोपी लगातार फोन पर धमकी देता था कि अगर वह उससे मिलने नहीं आई, तो वह उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देगा और जान से मरवा देगा।
शिकायत करने गई तो पति को पुलिस जीप में बैठाया, महिला से फिर किया दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि 1 से 5 अप्रैल के बीच सिपाही ने बिलारी के एक होटल में कमरा लिया और उसे वहां बुलाकर दुष्कर्म किया। पति के विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
बीती 25 जुलाई को जब महिला अपने पति के साथ आरोपी सिपाही की शिकायत करने उच्च अधिकारियों के पास बिजनौर पहुंची, तो सुमित कोरी ने अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए डायल 112 पुलिस जीप बुलवा ली। उसने महिला के पति को जबरन जीप में बैठाकर पूरी रात थाने में बंद रखा। इसके बाद आरोपी ने महिला को बिजनौर में चांदपुर चुंगी के पास अपने कमरे पर रोका, उसके बेटे को गला घोंटकर मारने की धमकी दी और उसके साथ फिर दुष्कर्म किया।
सिपाही और उसके भाई पर केस दर्ज
पीड़िता के अनुसार, जब उसने सिपाही की इन घिनौनी हरकतों की शिकायत उसके भाई मोनू कोरी से की, तो उसने भी मारपीट की और पति को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही सुमित कोरी और उसके भाई के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।