मुरादाबाद: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 20 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह ठगी किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के सगे दामाद और उसके पिता ने की है। नौकरी न लगने पर जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्लॉट बेचकर दिए थे 20 लाख रुपये सिविल लाइंस के मोरा मुस्तकम निवासी गीता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके बेटे मयंक ने 2024 में आईबीपीएस (IBPS) बैंक पीओ (PO) के लिए आवेदन किया था। इसकी जानकारी बिजनौर के किरतपुर निवासी दामाद हेमंत, उसके पिता लोकेंद्र पाल सिंह और नहटौर निवासी उनके साथी अरुण को लग गई।
तीनों ने बैंक मैनेजर से अच्छी जान-पहचान होने का दावा किया और नौकरी लगवाने के एवज में 20 लाख रुपये की मांग की। गीता ने अपने बेटे के भविष्य के लिए पति भूदेव के नाम का प्लॉट बेच दिया। उन्होंने 22 जनवरी 2025 को 7.50 लाख रुपये लोकेंद्रपाल के खाते में आरटीजीएस (RTGS) किए। इसके बाद 29 जुलाई 2025 को 10 लाख रुपये हेमंत के खाते में ट्रांसफर किए और 2.50 लाख रुपये नकद दिए।
नौकरी नहीं लगी तो दी जान से मारने की धमकी बैंक का रिजल्ट आने पर जब मयंक का चयन नहीं हुआ, तो गीता ने आरोपियों से जवाब मांगा। आरोपियों ने पहले तो अगली बार काम कराने का झांसा दिया, लेकिन जब गीता ने पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने धमकी दी कि अगर ज्यादा तकादा किया तो वे उनकी बेटी को घर से निकाल देंगे और उसकी हत्या करा देंगे।
पीड़िता को अब अपनी बेटी की जान का खतरा सता रहा है। एएसपी/सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर दामाद हेमंत, उसके पिता और साथी अरुण के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।