चमोली: स्कूल जा रहे 15 छात्रों के सामने आया भालू, मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बची जान

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

चमोली: जिले के पोखरी क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल जा रहे करीब 15 छात्र-छात्राओं के सामने अचानक एक मादा भालू अपने बच्चों के साथ आ गई। भालू को अचानक सामने देख बच्चे बुरी तरह घबरा गए और शोर मचाते हुए वापस अपने घरों की तरफ दौड़ पड़े।

बाल-बाल बचे सभी छात्र, सुरक्षित पहुंचे घर गनीमत यह रही कि भालू ने किसी भी छात्र पर हमला नहीं किया और सभी बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुंच गए। बच्चों के सुरक्षित लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पहले भी हो चुके हैं हमले, ग्रामीणों में खौफ ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों, खासकर भालू और तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इलाके में पहले भी भालू के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोग खौफजदा हैं। अब इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से बच्चों की सुरक्षा और हिंसक जानवरों से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और भालू को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाया जाए।