Amroha News : लापता किसान का जंगल में मिला शव, हत्या की आशंका

ताजा खबरों का अपडेट लेने के लिये ग्रुप को ज्वाइन करें Join Now

Amroha News :आदमपुर: थाना क्षेत्र के ओगारपुर गांव के जंगल में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव एक नलकूप के पास पड़ा मिला और उसके शरीर व चेहरे पर चोट के कई गंभीर निशान पाए गए हैं। प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

शुक्रवार शाम से लापता था युवक जानकारी के अनुसार, आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर की मड़ैया निवासी जोगेंद्र (28) पेशे से किसान था। परिजनों ने बताया कि जोगेंद्र शुक्रवार शाम से ही अचानक घर से लापता हो गया था। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। शनिवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर ओगारपुर के जंगल में भंडी वाले रास्ते पर स्थित एक नलकूप के पास उसका शव देखा और पुलिस व परिजनों को इसकी सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य शव मिलने की सूचना पर पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

परिवार में मचा कोहराम जोगेंद्र की शादी महज तीन साल पहले ही हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी और एक छोटे से मासूम बेटे को छोड़ गया है। घर के जवान बेटे की इस तरह अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जोगेंद्र जंगल तक कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे किन लोगों का हाथ हो सकता है।